Haryana News: हरियाणा वालों के लिए बिजली विभाग ने बड़ा तोहफा दे दिया है। महीनों इंतजार करने का दौर अब खत्म। नए घर में शिफ्ट हुए हो या दुकान खोली हो, बिजली कनेक्शन (electricity connection) के लिए अब लंबी लाइन और फाइल घिसाई नहीं करनी पड़ेगी। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) ने साफ-साफ टाइमलाइन तय कर दी है – कितने दिन में कनेक्शन मिलना ही चाहिए।
शहरों में तो तीन दिन, गांव में भी 15 दिन से ज्यादा नहीं
आयोग के नए नियम के मुताबिक अगर आप गुरुग्राम, फरीदाबाद जैसे मेट्रोपॉलिटन इलाकों (metropolitan areas) में रहते हैं और पूरा-पूरा आवेदन जमा कर देते हैं तो सिर्फ तीन दिन में मीटर लग जाएगा। जी हां, तीन दिन!
नॉर्मल शहरों-कस्बों में ये टाइमलिमिट सात दिन रखी गई है। यानी हिसार, रोहतक, पानीपत, यमुनानगर वालों को एक हफ्ते से ज्यादा तड़पना नहीं पड़ेगा।

और गांवों की बात करें तो वहां 15 दिन का वक्त दिया गया है। पहले तो कई-कई महीने लग जाते थे, लाइन डालने का इंतजार, ट्रांसफॉर्मर की कमी, कभी अफसर की कुर्सी खाली… अब ये सब बहाने नहीं चलेंगे।
पहले क्या होता था?
अभी तक कोई फिक्स टाइमलाइन ही नहीं थी। उपभोक्ता (consumers) परेशान, बिजली निगम वाले अपना मनमाना करते। शिकायत करो तो जवाब मिलता – “लाइन में है साहब”। अब HERC ने साफ कह दिया है कि तय समय में काम नहीं हुआ तो जुर्माना और कार्रवाई पक्की।
लोग बता रहे हैं कि कई बार तो बिल्डर ही कनेक्शन लटकाकर रखते थे, घर बेचने के बाद उपभोक्ता भटकता रहता। अब ये खेल भी बंद हो जाएगा।
नियम कब से लागू?
ये नए नियम तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं। यानी आज अगर आपने आवेदन किया तो गिनती शुरू। बिजली निगम के अफसरों को भी सर्कुलर भेज दिया गया है। देखना ये है कि जमीनी हकीकत में कितना असर दिखता है, क्योंकि कागज पर तो पहले भी कई अच्छे नियम थे।









