Haryana News: हरियाणा रोडवेज की एक बस गुरुवार को उस वक्त हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई, जब चलती बस में ड्राइवर और कंडक्टर के बीच चल रही आपसी नोकझोंक अचानक गंभीर मोड़ पर पहुंच गई। विवाद इतना बढ़ा कि ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क से उतरकर सीधे खेतों में जा घुसी।
गनीमत यह रही कि उस समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था। झगड़े के दौरान ही अधिकांश सवारियां पहले ही बस से उतर चुकी थीं जबकि कुछ को बस स्टैंड इंचार्ज ने नीचे उतरवा दिया था। बस खेतों में जाकर रुकी और बड़ा हादसा टल गया।
राजस्थान से लौटते वक्त शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार यह रोडवेज बस सिरसा डिपो से राजस्थान के पोकरण रूट पर जाती है और शाम के समय सिरसा लौटती है। बस में बालसंमद निवासी ड्राइवर अशोक कुमार और सिरसा निवासी कंडक्टर सुरेंद्र की ड्यूटी थी। दोनों गुरुवार से पोकरण गए हुए थे।

वापसी के दौरान जब बस बीकानेर जिले के अर्जुनसर क्षेत्र में बस स्टैंड पर रुकी, तो वहीं से विवाद की शुरुआत हो गई। बस रोकने और सवारी उतारने को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। यात्रियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
चौपटा से सिरसा के बीच बिगड़ी बात
अर्जुनसर के बाद बस चौपटा होते हुए सिरसा आनी थी। चौपटा बस स्टैंड पर कुछ सवारियां पहले से खड़ी थीं जिन्हें स्टैंड इंचार्ज ने बस में बैठा दिया। इसी दौरान ड्राइवर मौके पर पहुंच गया और कंडक्टर से दोबारा कहासुनी शुरू हो गई।
झगड़े का माहौल देख कुछ यात्री खुद ही बस से उतर गए जबकि बाकी को इंचार्ज ने नीचे उतार दिया। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस लेकर सिरसा की ओर रवाना हो गए।
चलती बस में फिर भिड़े, खेतों में जा घुसी बस
बस जैसे ही आगे बढ़ी, रास्ते में दोनों के बीच फिर से नोकझोंक शुरू हो गई। इसी दौरान ड्राइवर का ध्यान भटका और बस सड़क से नीचे उतरकर खेतों में चली गई। सौभाग्य से बस पलटी नहीं और कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
रोडवेज प्रशासन की कार्रवाई
सिरसा रोडवेज डिपो के टीएम सुधीर कुमार ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में आ चुका है। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ड्राइवर और कंडक्टर के आपसी झगड़े के कारण यह स्थिति बनी। फिलहाल दोनों कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच करवाई जा रही है।









